Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। हरियाणा के यमुनानगर स्थित ऐतिहासिक कपाल मोचन तीर्थ में चल रहे मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए हरियाणा रोडवेज अंबाला डिपो ने विशेष बसों की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए अंबाला छावनी और नारायणगढ़ बस स्टैंड से 100 से अधिक विशेष बसें चलाई जा रही हैं। हरियाणा रोडवेज अंबाला के महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने अंबाला छावनी बस अड्डे पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
कपाल मोचन मेले का तीसरा दिन होने के कारण अंबाला छावनी बस अड्डे पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों से श्रद्धालु मेले में पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के संचालन के साथ पेयजल, साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है।
बस अड्डे पर मौजूद यात्रियों ने रोडवेज की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। पंजाब के विभिन्न शहरों से आए श्रद्धालुओं ने बताया कि अंबाला रोडवेज की ओर से कपाल मोचन जाने और वापस लौटने के लिए अच्छी बस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रियों के अनुसार, बस अड्डे और कपाल मोचन में पीने के पानी की व्यवस्था के साथ साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जा रहा है। शौचालय भी साफ-सुथरे हैं। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे पिछले करीब 15 वर्षों से लगातार मेले में आ रहे हैं और यहां हर बार सुविधाओं का उचित प्रबंध देखने को मिलता है।
अंबाला छावनी और नारायणगढ़ बस स्टैंड से 20 नवंबर की दोपहर से 24 नवंबर की रात तक विशेष बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें साहा, सढौरा और बिलासपुर के रास्ते सीधे कपाल मोचन मेले तक पहुंच रही हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बस अड्डा इंचार्ज और रोडवेज के महाप्रबंधक ने मौके पर पहुंचकर बसों के संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने बताया कि कपाल मोचन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 100 से अधिक बसें लगाई गई हैं। प्रत्येक बस दिन में दो से तीन चक्कर लगा रही है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सहित जरूरी सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। उनके अनुसार, करीब 3,000 श्रद्धालु अंबाला के रास्ते कपाल मोचन पहुंच चुके हैं, जबकि लगभग 2,000 अन्य यात्रियों को भी यहां से मेले तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। रोडवेज विभाग का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।