मंडी गोबिंदगढ़। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंडी गोबिंदगढ़ में निकाले जा रहे विशाल नगर कीर्तन के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। नगर कीर्तन में शामिल 45 वर्षीय महिला श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद धार्मिक उत्सव का माहौल शोक में बदल गया और संगत सहित पूरे इलाके में दुख की लहर दौड़ गई।
मृतका की पहचान हरविंदर कौर निवासी हरगोबिंद कॉलोनी, मंडी गोबिंदगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। संगत पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ पालकी साहिब के आगे-आगे शब्द कीर्तन करते हुए नगर कीर्तन में हिस्सा ले रही थी।
हरविंदर कौर भी पालकी साहिब के साथ पैदल चल रही थीं। जब नगर कीर्तन शहर के रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंचा तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चलते-चलते बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ीं। उन्हें जमीन पर गिरते देख आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और नगर कीर्तन के प्रबंधकों ने तुरंत महिला को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से नगर कीर्तन में शामिल संगत स्तब्ध रह गई। कुछ ही देर पहले जहां गुरबाणी और शब्द कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ था, वहीं महिला की मौत की खबर से माहौल गमगीन हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की मौत की वजह अचानक दिल का दौरा पड़ना माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अस्पताल या प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक चिकित्सकीय पुष्टि नहीं की गई है।
हरविंदर कौर के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।