Summer express, नवी मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित तुर्भे इलाके के मेफको मार्केट में एक तेल गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी राकेश के मुताबिक, आग सबसे पहले गोदाम में लगी और धीरे-धीरे आसपास की इमारतों तक फैल गई। उन्होंने बताया कि आग की लपटें दो इमारतों तक पहुंच गई थीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकलकर्मी आग को आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने के प्रयास में जुटे रहे। घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
इस बीच, नवी मुंबई के कलंबोली स्टील मार्केट में नवंबर की शुरुआत में भी आग लगने की एक घटना सामने आई थी। वहां एक गैरेज और गोदाम में लगी आग बुझाने के दौरान जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें एक दमकलकर्मी घायल हो गया था।
डिप्टी फायर ऑफिसर मनीष ब्रह्मनकर ने बताया कि कलंबोली की यह घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुई थी। दमकल विभाग के कंट्रोल रूम को शुरुआत में एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग दुकान के बजाय एक गैरेज और गोदाम परिसर में लगी हुई थी।
मनीष ब्रह्मनकर के अनुसार, आग बुझाने के दौरान गोदाम के अंदर अचानक जोरदार धमाका हुआ। शुरुआती तौर पर अधिकारियों को गोदाम में रखे सामान और रसायनों की जानकारी नहीं थी। बाद में पता चला कि वहां थिनर से भरे कई ड्रम रखे हुए थे, जिनकी वजह से धमाका हुआ।
इस घटना में एक दमकलकर्मी 5 से 6 प्रतिशत तक झुलस गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, गोदाम का मालिक घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है। उसकी गुमशुदगी को लेकर पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।