Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 किलो चूरा पोस्त बरामद किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले हैं और नशीले पदार्थ की खेप लेकर लुधियाना जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंबाला छावनी जीआरपी थाना पुलिस की टीम एसआई धर्मबीर सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची तो उसे सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक स्टेशन पर मौजूद हैं। दोनों के पास बैग में नशीला पदार्थ होने की आशंका जताई गई थी। वे लुधियाना जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को काबू कर लिया। इसके बाद उनके सामान की तलाशी ली गई तो बैग से 36 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी मंजेश तिवारी और रंजीत गिरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे नशीले पदार्थ की खेप के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
जीआरपी के एसआई धर्मबीर सिंह के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी और गश्त कर रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।