Summer express, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पंचकूला में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। पार्टी ने इस आयोजन को संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरूकता अभियान बताया है। कांग्रेस का आरोप है कि देश में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी लोगों के बीच अपनी बात पहुंचाएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को संयुक्त अपील जारी की। उन्होंने पार्टी के सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के प्रत्याशियों तथा संगठन के पदाधिकारियों से मार्च में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, संविधान रक्षा मार्च 26 नवंबर को दोपहर दो बजे पंचकूला के सेक्टर-26 स्थित महाराणा प्रताप भवन से शुरू होगा। पार्टी ने सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को आयोजन की तैयारियों के साथ-साथ जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर कथित वोट चोरी, चुनावी प्रक्रिया में हेराफेरी और चुनाव आयोग की मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही तय करने के साथ उनके इस्तीफे अथवा उन्हें पद से हटाने और चुनावी प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग दोहराई है।
संजय दत्त के अनुसार, मार्च में प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र और ब्लॉक से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को लामबंद किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा।