Summer express, होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूहा में शुक्रवार सुबह व्यस्त बाजार के बीच पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बलगड़ां चौक के पास हुई इस घटना के दौरान पुलिस की ओर से छह राउंड फायरिंग की गई। इस दौरान गोली लगने से एक आम नागरिक घायल हो गया। उसके हाथ में गोली लगी है। घायल की पहचान मोहम्मद रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए दसूहा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सफेद रंग की कार के पीछे पुलिस की गाड़ी लगी हुई थी। पुलिसकर्मी कार का पीछा करते हुए उस पर पीछे से गोलियां चला रहे थे। करीब 200 मीटर के दायरे में पुलिस की ओर से लगातार छह फायर किए गए। इस दौरान बलगड़ां चौक पर भीड़ के बीच आरोपियों की कार फंस गई। बचकर निकलने के प्रयास में कार सवारों ने सड़क पर खड़ी छह गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हालांकि, आरोपी टक्कर मारते हुए मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। बाजार में अचानक हुई फायरिंग और वाहनों की टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों के फरार होने और मुठभेड़ के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।