बड़े नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने की मांग, पुलिस को आधुनिक तकनीक और संसाधन उपलब्ध करवाने की उठाई आवाज
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर सियासत तेज हो गई है। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ लड़ाई केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके लिए सरकार को मजबूत इच्छाशक्ति दिखाते हुए बड़े तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क पर प्रहार करना होगा। यदि सरकार गंभीरता से कदम उठाए तो हिमाचल में बाहर से नशे की एक चुटकी भी नहीं पहुंच सकती।
रविवार को बूथ नंबर 32 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नशे के खिलाफ समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में नशे का उत्पादन नहीं हो रहा है, बल्कि इसकी सप्लाई बाहरी राज्यों से हो रही है। ऐसे में यह बड़ा सवाल है कि आखिर प्रदेश की सीमाओं को पार कर नशे की खेप यहां तक कैसे पहुंच रही है। उन्होंने इस पूरे नेटवर्क में संभावित मिलीभगत की आशंका जताते हुए इसकी निष्पक्ष और गहन जांच करवाने की मांग की।भाजपा विधायक ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई करते समय केवल छोटे सप्लायरों को पकड़कर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं मानी जा सकती। असली जरूरत उन बड़े चेहरों तक पहुंचने की है, जो इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नशा तस्करी से अर्जित की गई अवैध संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसी संपत्तियों पर जेसीबी चलाकर सरकार को नशा माफिया के खिलाफ सख्त संदेश देना चाहिए।
सुधीर शर्मा ने पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर उपकरण और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाने होंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने के साथ नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में सबसे अधिक युवा पीढ़ी आ रही है। बच्चों को शुरुआती उम्र से ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना होगा। इस लड़ाई में परिवार, समाज और प्रशासन की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों तक सकारात्मक संदेश और महत्वपूर्ण विषय पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।