Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश में संभावित परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा है कि इससे प्रदेश में जनप्रतिनिधित्व मजबूत होगा और दुर्गम क्षेत्रों की जनता की समस्याओं को विधानसभा और संसद में प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।
मीडिया से बातचीत में सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से काफी अलग हैं। यहां कई ऐसे पहाड़ी और दूरदराज के इलाके हैं, जहां पहुंचने के लिए आज भी कई किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ता है। ऐसे में मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों का दायरा कम होने से जनप्रतिनिधियों की जनता तक पहुंच आसान होगी और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि अभी परिसीमन को लेकर कोई आधिकारिक प्रारूप सामने नहीं आया है, लेकिन चर्चाओं के मुताबिक हिमाचल में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 102 होने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो प्रदेश के कई क्षेत्रों को राजनीतिक रूप से बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सकता है।सुधीर शर्मा ने लोकसभा सीटों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन किए जाने की संभावनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंडी संसदीय क्षेत्र देश के सबसे बड़े निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल है, जबकि कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र का दायरा भी काफी विस्तृत है। पांगी-भरमौर और लाहौल-स्पीति जैसे दुर्गम इलाकों को देखते हुए सीटों की संख्या बढ़ना महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।उन्होंने कहा कि परिसीमन का उद्देश्य केवल सीटों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि लोकतंत्र में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना और हर क्षेत्र की आवाज को उचित मंच देना होना चाहिए।