Summer express/यमुनानगर, परवेज खाना: यमुनानगर में गन्ने के रेट को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने के भाव की मांग को लेकर किसान पिछले 15 दिनों से धरने पर बैठे हैं। वहीं, सरकार की ओर से 430 रुपये प्रति क्विंटल भाव निर्धारित किया गया है। इस बीच हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों से आंदोलन के साथ-साथ शुगर मिल चलने देने की अपील की है। मंत्री के इस बयान के बाद किसान आंदोलन को लेकर एक बार फिर सियासत और बहस तेज हो गई है।
दरअसल, साढोरा पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों से बातचीत के दौरान कहा कि किसान अपना धरना जारी रखें, लेकिन शुगर मिल का कामकाज बंद न करें। उनका कहना है कि मिल बंद रहने से किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंत्री की इस अपील से क्या किसानों का रुख बदलेगा, यह देखना अहम होगा।
आपको बता दें कि यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड के बाहर संयुक्त सांझा मोर्चा के बैनर तले किसान पिछले 15 दिनों से धरना दे रहे हैं। किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। किसानों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांग पर कोई ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।वहीं, सरकार फिलहाल 430 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर कायम है। ऐसे में किसानों और सरकार के बीच गतिरोध बना हुआ है। एक तरफ किसान अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं, तो दूसरी तरफ कृषि मंत्री मिल संचालन जारी रखने की अपील कर रहे हैं।गौरतलब है कि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा साढोरा में सब्जी विक्रेताओं और आढ़तियों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने गन्ना आंदोलन को लेकर भी अपनी बात रखी।