Summer express/गुरुग्राम-:मिलेनियम सिटी गुरुग्राम को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर सड़कों पर रवाना किया। इसके साथ ही सेक्टर-48 में नए इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है और इस शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जहां लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं के जरिए शहर को पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाए।
महिला आरक्षण विधेयक पर राजनीति छोड़ समर्थन करे विपक्ष: नायब सैनी
वहीं परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने परिसीमन को समय की मांग बताते हुए कहा कि देश में पहले भी समय-समय पर परिसीमन की प्रक्रिया होती रही है और जरूरत के अनुसार आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। विपक्ष द्वारा सरकार की मंशा पर सवाल उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। महिला आरक्षण विधेयक पर उन्होंने कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों से राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को बराबर की भागीदारी और अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अपने प्रस्तावित यूके और जर्मनी दौरे को लेकर भी सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया है, जिसके चलते विदेशी कंपनियां प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखा रही हैं। विदेश दौरे के दौरान निवेश की नई संभावनाओं को तलाशने, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष फोकस रहेगा। सरकार का लक्ष्य हरियाणा को निवेश और उद्योग के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।