Summer express/पलवल/ परवेज खान-:हरियाणा में गन्ने के रेट में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसान अब सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं। यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल में पिछले 14 दिनों से धरने पर बैठे किसानों ने रविवार को ट्रैक्टर मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान ट्रैक्टरों के काफिले के साथ यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के कार्यालय पहुंचे और वहां जमकर नारेबाजी की।
किसानों के इस प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही अलर्ट नजर आया। विधायक कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया हुआ था। जैसे ही किसानों का ट्रैक्टर मार्च विधायक कार्यालय के नजदीक पहुंचा, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद किसानों ने बैरिकेडिंग के पास ही धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के पुतले का दहन कर गन्ने के रेट में बढ़ोतरी की मांग को प्रमुखता से उठाया।किसानों का कहना है कि वे पिछले 14 दिनों से सरस्वती शुगर मिल में शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। किसानों ने विधायक घनश्याम दास अरोड़ा पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि विधायक किसान परिवार से संबंध रखते हैं और विपक्ष में रहते हुए किसानों के हक में आवाज उठाते थे। उस समय गन्ने के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी करते थे, लेकिन अब जब किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं तो उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा।
किसान संगठनों ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 2 दिसंबर को सभी किसान कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के निवास स्थान पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सरकार के खिलाफ पुतला दहन भी किया जाएगा।