हिमाचल के हर जिले को पर्यटन के नक्शे पर लाने की तैयारी, भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ बनाएगा एक साल का रोडमैप
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ ने प्रदेशव्यापी रणनीति तैयार करने की पहल की है। इसके तहत राज्य के सभी 12 जिलों में नए पर्यटन स्थलों की पहचान कर उन्हें विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ अगले एक साल के लिए ऐसा रोडमैप तैयार करेगा, जिससे प्रदेश में पर्यटन को केवल चुनिंदा स्थानों तक सीमित रखने के बजाय हर जिले तक पहुंचाया जा सके। इस योजना में पर्यटन कारोबारियों की समस्याओं के समाधान, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पूरे साल पर्यटकों को आकर्षित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रदेश भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ के सह संयोजक दिशांत कपिल ने बताया कि पर्यटन प्रकोष्ठ की बैठक में विधायक सुधीर शर्मा और संयोजक चमन कपूर के मार्गदर्शन में आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसे प्रदेश के स्वाभिमान से जोड़कर देखा जाना चाहिए। पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए प्रत्येक जिले में नए पर्यटन केंद्र विकसित करने की आवश्यकता है।उन्होंने बताया कि इस दिशा में पर्यटन प्रकोष्ठ हर महीने जिला स्तर पर बैठकें आयोजित करेगा। इन बैठकों में होटल संचालकों, होमस्टे मालिकों और अन्य पर्यटन कारोबारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझा जाएगा। इसके बाद स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर संबंधित सरकार और विभागों के समक्ष रखे जाएंगे।
दिशांत कपिल ने कहा कि वर्तमान में पर्यटन कारोबारियों को प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों, टैक्स और बिजली से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। होटल और होमस्टे संचालकों को विभिन्न प्रमाणपत्रों के नवीनीकरण के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं। इस व्यवस्था को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और ऑटोमैटिक रिन्यूअल की सुविधा शुरू की जानी चाहिए। इसके अलावा भारी चालान और अनावश्यक कागजी औपचारिकताओं को कम करने की जरूरत है।उन्होंने बताया कि कांगड़ा में एक बड़े सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के समक्ष भी रखा गया है। इस केंद्र में पुस्तकालय, संग्रहालय और पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। यहां कांगड़ा की पारंपरिक धाम, लोकनृत्य, संस्कृति और स्थानीय बोलियों को प्रदर्शित किया जा सकता है। इससे पर्यटकों को हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि धर्मशाला सहित प्रदेश के कई पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही मुख्य रूप से कुछ महीनों तक ही सीमित रहती है। इस स्थिति को बदलने के लिए सालभर सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मेलन और पर्यटन गतिविधियां आयोजित करने की जरूरत है। इसके लिए अलग पर्यटन मंत्रालय बनाने और विभाग के बजट में बढ़ोतरी करने की मांग भी उठाई गई है।
एचपीटीडीसी के होटलों के निजीकरण के मुद्दे पर कपिल ने कहा कि केवल घाटे में चल रहे होटलों को ही इस प्रक्रिया में शामिल करने पर विचार होना चाहिए। साथ ही होटल संचालन में हिमाचल के स्थानीय युवाओं और उद्यमियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन विकास का लाभ प्रदेश के सभी जिलों को मिलना चाहिए। उन्होंने कांगड़ा में प्रस्तावित करीब 100 करोड़ रुपये के फाउंटेन प्रोजेक्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी राशि से 10 कन्वेंशन सेंटर तैयार किए जा सकते हैं, जो बड़े आयोजनों और राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों को आकर्षित करने में अधिक उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ इन सभी सुझावों और प्रस्तावों को प्रदेश व केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगा।