जालंधर | शहर के प्रतिष्ठित प्लाईवुड व्यवसायी तिवारी परिवार की बहू सोनम तिवारी शनिवार रात से रहस्यमयी परिस्थितियों में ब्यास दरिया के पुल से लापता हो गईं। सोनम, तिवारी परिवार के वरिष्ठ सदस्य नरेश तिवारी की पुत्रवधू और मनदीप (मिक्की) तिवारी की पत्नी हैं।
मानसिक तनाव में थीं सोनम, पुल पर छोड़ी चप्पलें
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, सोनम तिवारी बीते समय से ब्रेन में सिस्ट की वजह से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं। शनिवार शाम उन्होंने कनाडा से आई अपनी एक सहेली के साथ बाहर जाने की योजना बनाई। सहेली को कार में लेकर वे ब्यास दरिया के पुल तक पहुंचीं। वहां पहुंचकर उन्होंने गाड़ी रुकवाई, सहेली को कार में ही बैठने को कहा और खुद पुल की ओर चली गईं।
पुल पर जाकर उन्होंने अपनी चप्पलें उतार दीं और अपने पति व बच्चों को “आई लव यू” का मैसेज भेजा। जब काफी देर तक सोनम वापस नहीं लौटीं तो उनकी सहेली ने परिवार को सूचना दी।
खोज अभियान में जुटी टीमें, अब तक नहीं मिला कोई सुराग
रविवार को गोताखोरों और विशेष खोजी दलों ने ब्यास दरिया और हरिके पत्तन के आसपास तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक सोनम का कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन का सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
इस घटना के बाद शहर में शोक और चिंता का माहौल है। तिवारी परिवार को सांत्वना देने के लिए राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक जगत से कई लोग उनके वसंत विहार स्थित आवास पर पहुंचे। परिवार और प्रशासन को अब भी किसी चमत्कार की उम्मीद है।