जींद | हरियाणा के जींद जिले के मुआना गांव में एक समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग एक मासूम की जान ले गई। घायल अवस्था में पीजीआई रोहतक में भर्ती कराए गए 13 वर्षीय आशीष पुत्र अनिल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सफीदों सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई साहिल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
कुआं पूजन के दौरान चली गोली, मासूम की जान गई
पुलिस के अनुसार, घटना 11 जून को हुई जब गांव में एक नवजात शिशु के जन्म के उपलक्ष्य में कुआं पूजन समारोह का आयोजन किया गया था। मौके पर डीजे भी बज रहा था, जिसे देखने के लिए आशीष गया था। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल एक रिश्तेदार (बताया गया दिनेश) ने हर्ष फायरिंग की, जिसकी एक गोली आशीष के पेट में जा लगी।
इलाज के दौरान नहीं बचाई जा सकी जान
गोली लगने के बाद आशीष को पहले सफीदों के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उसका ऑपरेशन किया गया, जिसमें डॉक्टरों ने पेट में 27 टांके लगाए। आशीष को 11 जून की रात भर्ती किया गया था, लेकिन 14 जून की रात करीब साढ़े 11 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपी की पहचान, पुलिस जांच में जुटी
परिवार के अनुसार गोली चलाने वाला व्यक्ति दिनेश है, जो पीड़ित परिवार का पड़ोसी और समारोह में शामिल था। पुलिस ने फिलहाल आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।