गोहाना । केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी द्वारा प्रदेशभर में ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को गोहाना में एक बुद्धिजीवी सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा के जेल, पर्यटन और सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम में शहर के डॉक्टर, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता समेत विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों ने भाग लिया और मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर विचार साझा किए।
“मोदी सरकार के काम जनता के बीच दिख रहे हैं”
सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 11 साल पूरे होने पर देशभर में ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम हो रहे हैं, और गोहाना में भी इस उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि जनता को केंद्र और राज्य सरकार के कार्य पसंद आ रहे हैं, इसलिए हरियाणा में “ट्रिपल इंजन” की सरकार मजबूत स्थिति में है—केंद्र में नरेंद्र मोदी, राज्य में नायब सैनी और शहरी निकायों में भी बीजेपी का नेतृत्व।
पूर्व सीएम हुड्डा पर निशाना
मंत्री अरविंद शर्मा ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी जनता के सामने यह बताना चाहिए कि उनके कार्यकाल में क्षेत्रवाद और भ्रष्टाचार किस हद तक हावी था। केवल सफाई देने से काम नहीं चलेगा, जनता सब जानती है।
21 जून को योग दिवस में शामिल होंगे 11 लाख युवा
मंत्री ने आगे बताया कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हरियाणा में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश पर इस दिन प्रदेशभर से 11 लाख युवक-युवतियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।