तेहरान | मध्य पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं और ‘पूर्ण युद्ध’ की आशंका अब और मजबूत हो गई है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि अमेरिका और चीन जैसे बड़े देशों ने अपने नागरिकों को तत्काल तेहरान और इजरायल छोड़ने की सलाह दी है।
इजरायली सेना की चेतावनी – सैन्य ठिकानों से दूर रहें
इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने सोशल मीडिया के ज़रिए ईरान के नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे सैन्य अड्डों, गैस डिपो और तेल रिफाइनरियों के आस-पास से तुरंत हट जाएं। इजरायल ने दावा किया है कि उसकी वायुसेना ने ईरान की हवाई सीमा में घुसकर कई रणनीतिक ठिकानों पर हमले किए हैं।
मध्य पूर्व संकट के बीच ट्रंप की आपात वापसी
इस तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी दिखने लगा है। कनाडा में चल रही G7 शिखर बैठक को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक बीच में ही छोड़ दिया। व्हाइट हाउस ने इस फैसले को ‘मध्य पूर्व में सैन्य हालात की निगरानी के लिए जरूरी कदम’ बताया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा, “ईरान को तत्काल परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर करना चाहिए। ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती। मैंने यह बात पहले भी स्पष्ट की है। सभी नागरिकों को तुरंत तेहरान खाली कर देना चाहिए।”
चीन ने भी अपने नागरिकों को इजरायल से बाहर निकलने को कहा
मध्य पूर्व के हालात को लेकर चीन भी सतर्क हो गया है। तेल अवीव स्थित चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को जल्द से जल्द इजरायल छोड़ने की सलाह दी है। चीन ने लोगों को ज़मीनी रास्ते से जॉर्डन की सीमा की ओर रवाना होने को कहा है। दूतावास ने हवाई क्षेत्र बंद होने और सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए गंभीर स्थिति की चेतावनी दी है।
ईरान की नई धमकी – NPT से हटने की तैयारी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ईरान ने भी सख्त रुख अपनाते हुए परमाणु अप्रसार संधि (NPT) से हटने की धमकी दी है। ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि एक नया विधेयक तैयार किया गया है, जिसे जल्द संसद में पेश कर संधि से बाहर निकलने पर फैसला किया जा सकता है।
दुनिया भर में बढ़ती चिंता
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ती सैन्य तनातनी अब वैश्विक संकट का रूप लेती जा रही है। क्षेत्र में हालात लगातार अस्थिर हो रहे हैं और यह टकराव पूरी दुनिया के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। वैश्विक समुदाय की निगाहें अब इस पर टिकी हैं कि अगला कदम क्या होगा।