जालंधर । शहर के सुच्ची पिंड इलाके में सोमवार देर रात हिंसा की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां तेजधार हथियारों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पठानकोट बायपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों ने मृतक युवक से किसी विषय में पूछताछ की थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने चाकू और दातर जैसे हथियारों से हमला कर करीब 25 वर्षीय मनदीप कुमार पुत्र जयराम, निवासी सुच्ची पिंड की हत्या कर दी। वहीं, उसके भाई मुकेश कुमार और पवन कुमार भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामा मंडी के एसएचओ मनजिंदर सिंह बस्सी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। एसएचओ ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है, जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह कराया जाएगा।
थाना प्रभारी ने कहा कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।