जयपुर | भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल देश की तस्वीर बदली है, बल्कि गरीबों की तकदीर भी संवारी है।
यह बयान उन्होंने केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के तहत जयपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए दिया।
“गरीबी में ऐतिहासिक गिरावट”
राठौड़ ने कहा, “आज से 11 साल पहले जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी थी, तब जो संकल्प लिए गए थे, वे अब सिद्ध हो रहे हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, देश की लगभग 27 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा से ऊपर आ चुकी है, जो इस सरकार की बड़ी उपलब्धि है।”
“भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था”
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से भारत की अर्थव्यवस्था अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी बन गई है। “यह आर्थिक विकास मोदी सरकार की दूरदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व का परिणाम है,” राठौड़ ने कहा।
सुरक्षा और विदेश नीति में भी बड़ी उपलब्धियां
देश की सुरक्षा नीति को लेकर राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार ने सीमाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और 1960 के सिंधु जल समझौते को रद्द करने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि यह सब मोदी सरकार की ठोस विदेश नीति का नतीजा है।
आत्मनिर्भर भारत को बताया मजबूत पहल
रठौड़ ने बताया कि बीते 11 वर्षों में ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव मजबूत हुई है, जिससे देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और यह अभियान इन्हीं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।