नई दिल्ली | बीते दो दिनों में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों से जुड़े कई गंभीर और चिंताजनक मामले सामने आए हैं, जिसने विमानन सुरक्षा को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी है। तकनीकी खामियों से लेकर बम की धमकी और लैंडिंग के दौरान चिंगारी तक—ये घटनाएं सिर्फ इत्तेफाक नहीं मानी जा सकतीं।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI315 को करनी पड़ी वापसी
सोमवार को एयर इंडिया की हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI315, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर से संचालित हो रही थी, तकनीकी खराबी के चलते उड़ान के बीच से ही वापस लौट गई।
ब्रिटिश एयरवेज की BA35 को लंदन लौटना पड़ा
रविवार को ब्रिटिश एयरवेज की लंदन से चेन्नई आ रही फ्लाइट BA35 को उड़ान के दौरान फ्लैप फेल होने की वजह से हीथ्रो एयरपोर्ट वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकर Flightradar24 के अनुसार, यह विमान दो घंटे तक हवा में रहा।
सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट में लैंडिंग के वक्त चिंगारी
रविवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट SV-3112 की लैंडिंग के दौरान एक चक्का घिस गया, जिससे चिंगारी और धुआं उठने लगा। फ्लाइट हज यात्रियों से भरी हुई थी। पायलट की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
लुफ्थांसा की फ्लाइट को धमकी के बाद रोका गया
फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद जा रही लुफ्थांसा की फ्लाइट LH752 को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बीच रास्ते से लौटा लिया गया। हैदराबाद एयरपोर्ट प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए विमान को लौटाने की सलाह दी।
12 जून: अहमदाबाद में ड्रीमलाइनर हादसे में 241 की मौत
अहमदाबाद में 12 जून को एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर विमान की दुर्घटना में 241 लोगों की जान चली गई। विमान कुछ ही पलों के लिए उड़ान में था। यह हादसा हाल के वर्षों का सबसे भयावह माना जा रहा है।
दुबई-जयपुर फ्लाइट में 5 घंटे बिना AC और पानी के यात्री
14 जून को दुबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-196 में यात्रियों को पांच घंटे तक बिना एयर कंडीशनर और पानी के रहना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में यात्री बदहाली और गर्मी से बेहाल नजर आए।
ड्रीमलाइनर विमानों की विश्वसनीयता पर सवाल
इन घटनाओं ने बोइंग ड्रीमलाइनर विमानों की तकनीकी विश्वसनीयता और विमानन कंपनियों की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही खराबियों और सुरक्षा खामियों को सिर्फ तकनीकी गड़बड़ी नहीं, बल्कि चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
अब जरूरी है सख्त समीक्षा
उड्डयन मंत्रालय और एयरलाइंस को इन घटनाओं से सबक लेते हुए ड्रीमलाइनर जैसे विमानों की विशेष सुरक्षा समीक्षा करनी चाहिए। यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और भारत को अपनी विमानन प्रणाली को मजबूती देने के लिए तत्काल कदम उठाने होंगे।