Dharamshala-पर्यटन सीजन के पीक पर पहुंचते ही हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मैक्लोडगंज और धर्मशाला में पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिल रही है। बढ़ती भीड़ के कारण इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कों पर रेंगते वाहन और घंटों लंबा ट्रैफिक जाम स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी खासी परेशान कर रहा है।
मुख्य सड़कों के अलावा संकरी लेन और बाजारों में भी वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में धर्मशाला का रुख कर रहे हैं, लेकिन यहां की सीमित पार्किंग व्यवस्था हालात को और बिगाड़ रही है। पार्किंग क्षमता से अधिक वाहन पहुंचने के कारण मैक्लोडगंज में अव्यवस्था की स्थिति बन गई है।
इस स्थिति को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए हैं। एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि नियमित पुलिस बल के साथ-साथ अतिरिक्त बटालियन की भी तैनाती की गई है, और ज़रूरत पड़ने पर और बल भेजा जाएगा।
हर साल गर्मियों में मैक्लोडगंज पर्यटकों की पहली पसंद बनता है, लेकिन इस साल ट्रैफिक जाम, पार्किंग संकट और अव्यवस्थित आधारभूत ढांचा प्रशासन और स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में यदि ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।