19 June, 2025
बॉलीवुड में रोमांस की एक नई कहानी लेकर आ रही है फिल्म “आंखों की गुस्ताखियां”, जिसमें पहली बार विक्रांत मैसी और शनाया कपूर की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। हाल ही में फिल्म का नया पोस्टर और टाइटल ट्रैक का टीज़र रिलीज़ किया गया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
पोस्टर ने दिलों को छू लिया
दूसरे पोस्टर में विक्रांत और शनाया एक साइकिल पर आंखों पर पट्टी बांधे नजर आते हैं – एक बेफिक्र, भरोसे से भरा रोमांटिक पल। विक्रांत हवा में हाथ फैलाए हुए हैं, जबकि शनाया की मुस्कान में मासूमियत है। यह दृश्य आज़ाद और निश्चल मोहब्बत का प्रतीक बन गया है।
जुबिन नौटियाल की आवाज़ में टाइटल सॉन्ग
फिल्म का टाइटल ट्रैक जुबिन नौटियाल ने अपनी जादुई आवाज़ में गाया है। इस गीत की रचना और बोल विशाल मिश्रा ने लिखे हैं, जबकि संगीत में सहयोग दिया है कुमार गौरव सिंह ने। गाने की रिकॉर्डिंग, मिक्सिंग और मास्टरिंग त्रिहंकु लाहकार द्वारा की गई है।
फिल्म की कहानी
“आंखों की गुस्ताखियां” एक दिल को छू जाने वाली प्रेम कहानी है, जिसमें पहली नजर का प्यार, खट्टे-मीठे पल, धोखा और जुदाई की कसक नजर आएगी। विशाल मिश्रा का संगीत इस इमोशनल सफर को और भी यादगार बना देता है। फिल्म का पहला गाना “नज़ारा” पहले ही रिलीज़ हो चुका है और दर्शकों से सराहना पा चुका है।
निर्माण और निर्देशन
फिल्म को ज़ी स्टूडियोज और मिनी फिल्म्स ने प्रस्तुत किया है। इसे प्रोड्यूस किया है मानसी बागला, वरुण बागला और ओपन विंडो फिल्म्स ने, जबकि निर्देशन की कमान संभाली है संतोष सिंह ने। कहानी और स्क्रिप्ट मानसी बागला ने ही लिखी है।
रिलीज़ डेट
“आंखों की गुस्ताखियां” 11 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ की जाएगी। यह फिल्म उन दर्शकों के लिए खास है जो सच्चे, मासूम और दिल से जुड़े प्यार की कहानियों में यकीन रखते हैं।