जींद | हरियाणा के जींद जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने रेलवे फाटक के पास दो सगी बहनों पर गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक को गर्दन और दूसरी को बगल में गोली लगी है। दोनों को पहले सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
घायल बहनों के परिजनों का आरोप है कि यह हमला बड़ी बहन के देवर सुनील ने किया। बताया गया कि सुनील छोटी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार के इनकार के बाद वह गुस्से में था। इसी रंजिश के चलते उसने यह हमला किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शॉपिंग कर लौट रही थीं बहनें
घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है। 21 वर्षीय रीतू और 27 वर्षीय सीनू, दोनों बहनें जींद शहर से कपड़े खरीदने के बाद अपने गांव कालवा (पिल्लूखेड़ा) लौट रही थीं। जब वे रेलवे फाटक के पास पहुंचीं, तभी वहां पहले से घात लगाए सुनील ने कार से उतरकर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत बहनों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।