जींद | शहर में शुक्रवार देर शाम हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में शराब ठेकेदार वीरेंद्र उर्फ बिंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। गोदारा ने दावा किया कि बिंद्र उनके दुश्मनों को आर्थिक मदद दे रहा था और उसे उनके साथी रोहित राणा ने अंजाम दिया।
पोस्ट में बताया गया कि मृतक बिंद्र, जेल में बंद दीपेंद्र राठी का दुश्मन था और उसने हाल ही में दीपेंद्र के साथी विनीत और रोहित राणा पर हमले करवाए थे। इनमें विनीत गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर 20 सेकंड का एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें तीन युवक वीरेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्ट में दीपेंद्र राठी, रोहित राणा और डेविड रामरा को टैग किया गया है।
इधर पुलिस ने वारदात के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों , राकेश मिड्ढा नगूरां, जितेंद्र राठी, अजय नीलमा, कमला, कर्मपाल, सुमित, सोनू और अनिल को नामजद किया है, जबकि तीन अन्य अज्ञात के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। हत्या को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।