Kullu-जिला कुल्लू मुख्यालय ढालपुर स्थित बहुउद्देशीय भवन में सोमवार को जिला विकास एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया। इस अहम बैठक की अध्यक्षता मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने की। उनके साथ कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी और आनी विधायक लोकेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद कंगना रनौत ने अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की अद्यतन रिपोर्ट तलब की और धीमी गति से चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की मदद से विकास योजनाओं में गति लाई जाएगी और जहां आवश्यकता होगी वहां अतिरिक्त बजट की मांग की जाएगी।सांसद कंगना ने कहा, “दिशा बैठक का उद्देश्य यही है कि केंद्र सरकार की योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। बजट की कमी जैसी अड़चनों को दूर करने के लिए हम केंद्र से समन्वय स्थापित करेंगे।”
यह पहली बार है जब सांसद बनने के बाद कंगना रनौत ने कुल्लू में दिशा बैठक आयोजित की है। बैठक के बाद कंगना दो दिवसीय दौरे पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेंगी और भाजपा कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगी।