नई दिल्ली | ईरान-इज़राइल संघर्ष में युद्धविराम की घोषणा के बाद मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त उछाल देखा गया। बीएसई सेंसेक्स लगभग 900 अंकों तक चढ़ गया, जबकि निफ्टी ने 300 अंकों की मजबूती दर्ज की। इस सकारात्मक रुझान के चलते बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण ₹4.42 लाख करोड़ बढ़कर ₹452.25 लाख करोड़ के पार पहुंच गया।
निवेशकों को मिला बड़ा फायदा
23 जून को बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4,47,82,499.86 करोड़ था, जो आज 24 जून को बढ़कर ₹4,52,25,350.26 करोड़ हो गया। यानी निवेशकों की दौलत में ₹4,42,850.4 करोड़ की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सेंसेक्स में ज्यादातर शेयरों में तेजी
सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयरों ने मजबूती के साथ शुरुआत की। तेल कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखी गई, खासकर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का फायदा इन कंपनियों को मिला।
- HPCL के शेयर 5% चढ़कर ₹413.25 पर पहुंचे।
- BPCL के शेयर 4.5% बढ़कर ₹327.70 पर ट्रेड कर रहे हैं।
- IOC के शेयरों में 3.5% की तेजी आई और भाव ₹145.30 तक पहुंच गया।
कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट
अमेरिका और ईरान के बीच हालिया तनाव के जवाब में ईरान द्वारा कतर स्थित अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाए जाने के बाद सोमवार को तेल की कीमतों में लगभग 6% की गिरावट दर्ज की गई थी। मंगलवार को भी इस गिरावट का सिलसिला जारी रहा। तेल कीमतों में गिरावट से भारत की तेल कंपनियों को राहत मिली क्योंकि इनपुट लागत में कमी के चलते रिफाइनिंग और ईंधन उत्पादन सस्ता हो जाता है। इससे आयात बिल घटता है और नकदी प्रवाह (कैश फ्लो) में सुधार होता है।