मोहाली | शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को विजिलेंस विभाग ने हिरासत में ले लिया है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई ड्रग मनी की जांच के सिलसिले में की गई है। मजीठिया को फिलहाल मोहाली स्थित विजिलेंस मुख्यालय ले जाया जा रहा है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह से ही विजिलेंस टीम ने मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर छापेमारी शुरू कर दी थी। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की जा रही है।
प्रदेशभर में चल रही हैं छापेमारियां
सूत्रों का कहना है कि मजीठिया के घर के साथ-साथ अमृतसर में 9 अन्य ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की गई है। वहीं, पूरे पंजाब में विजिलेंस द्वारा करीब 25 स्थानों पर एक साथ रेड की जा रही है।
सरकार ने हाल के वर्षों में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाए हैं, और यह छापेमारी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल, मजीठिया से पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।