रांची | झारखंड की राजधानी रांची को जाम से राहत देने वाला रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर अब उद्घाटन के लिए तैयार है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का उद्घाटन 3 जुलाई को सुबह 11 बजे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।
करीब 2.75 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह परियोजना 101 पिलर पर खड़ी है और इसमें 200 स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। कॉरिडोर के शुरू होने के बाद यात्री अब 30 मिनट का सफर महज 5 मिनट में तय कर सकेंगे। इससे रोजाना करीब 3,000 से अधिक वाहन तेज और सुगम आवाजाही कर पाएंगे।
उद्घाटन समारोह के बाद नितिन गडकरी रोड शो भी करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह प्रोजेक्ट रांची के ट्रैफिक सिस्टम को नया रूप देने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।