पुरी | ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा के दौरान रविवार सुबह एक दुखद घटना घटी। श्रीगुंडिचा मंदिर के पास रथ के सामने अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 10 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को फौरन पुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शनिवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ श्रीगुंडिचा मंदिर पहुंच गए थे। परंपरा के अनुसार, इन्हें रविवार को मंदिर के भीतर प्रवेश कराया जाएगा। इस दौरान भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ रही है और श्रद्धालु ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना रहे हैं।
पहले भी बिगड़ी स्थिति, 600 से ज्यादा हुए बीमार
शनिवार को भी गर्मी और उमस के चलते 600 से अधिक श्रद्धालु बीमार पड़े थे, जिनमें से 200 लोग बेहोश हो गए। भीड़ और धक्का-मुक्की से कई लोग घायल भी हुए।
सुरक्षा के सख्त इंतजाम, AI कैमरों से निगरानी
रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 10,000 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। साथ ही, भीड़ पर नजर रखने के लिए 275 AI युक्त CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
बहुदा यात्रा 5 जुलाई को
रथ यात्रा की वापसी यात्रा ‘बहुदा यात्रा’ 5 जुलाई को होगी। प्रशासन की कोशिश है कि आने वाले दिनों में भीड़ प्रबंधन और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन का अवसर मिले।