Shimla, 30 June
हिमाचल प्रदेश में भाजपा द्वारा नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को केवल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ही नामांकन दाखिल किया, जिसके बाद कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
“चुनाव सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है”
राज्य के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर आंतरिक लोकतंत्र के अभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी महज़ लोकतांत्रिक दिखने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा कहती है कि वह लोकतांत्रिक पार्टी है, लेकिन जब प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की बात आई, तो केवल एक ही व्यक्ति ने नामांकन भरा। इससे साफ है कि चुनाव सिर्फ औपचारिकता है।”
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “कम से कम दिखावे के लिए ही सही, भाजपा को दो लोगों से नामांकन भरवा देना चाहिए था। एक तो बिंदल थे ही, किसी और को पकड़ कर ले आते। अगर यहां नहीं मिलते तो जो दिल्ली गए थे, उन्हें ही बुला लेते।”
“आंतरिक मामला सही, पर जब बात लोकतंत्र की हो…”
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भले ही यह भाजपा का आंतरिक मामला हो, लेकिन जब कोई पार्टी खुद को लोकतांत्रिक कहती है, तो उसे चुनाव प्रक्रिया को वास्तविक स्वरूप देना चाहिए। “यह एक दिखावे का चुनाव है, जिसमें पहले से तय व्यक्ति ही नामांकन भरता है और बाकी प्रक्रिया केवल औपचारिकता बन जाती है।”