लखनऊ | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार सुबह बरेली पहुंचीं। अपने प्रवास के पहले दिन वह भारतीय पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के 11वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
बरेली आगमन पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दीक्षांत समारोह में होंगी मुख्य वक्ता
राष्ट्रपति मुर्मू स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों को डिग्रियां और पुरस्कार प्रदान करेंगी। इसके साथ ही वह समारोह को संबोधित भी करेंगी, जिसमें शिक्षा, अनुसंधान और पशु चिकित्सा विज्ञान के महत्व पर बात किए जाने की संभावना है।
सीएम योगी ने किया सोशल मीडिया पर स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति मुर्मू के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा:
“पावन ‘रामगंगा’ की निर्मल धारा से अभिसिंचित ‘नाथ नगरी’ बरेली में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन!” सीएम योगी ने इस पोस्ट के साथ राष्ट्रपति का गुलदस्ता देकर स्वागत करते हुए एक तस्वीर भी साझा की।