बीजिंग | चीन की एक 50 वर्षीय महिला व्यवसायी ‘सिस्टर जिन’ इन दिनों इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। वजह है उनका अनोखा प्रेम प्रसंग और हाल ही में किया गया बड़ा खुलासा। कभी सिंगल मदर रहीं सिस्टर जिन ने अपने बेटे के रूसी क्लासमेट डेफू से विवाह किया है और अब उन्होंने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है कि वह मां बनने वाली हैं।
6 साल पहले शुरू हुआ था अनोखा रिश्ता
सिस्टर जिन और डेफू की मुलाकात करीब छह साल पहले हुई थी, जब उनके बेटे कैकाई ने अपने दोस्तों के लिए एक चीनी नववर्ष पार्टी आयोजित की थी। डेफू, जो उस समय इंटरनेशनल छात्र था और कैकाई का सहपाठी था, इस पार्टी में शामिल हुआ। पार्टी के बाद वह कुछ दिनों तक जिन के घर ठहरा और यहीं से दोनों के बीच बातचीत और मेलजोल का सिलसिला शुरू हुआ।
जिन बताती हैं कि उस वक्त वे आत्मनिर्भर और ऊर्जावान जीवन जी रही थीं। डेफू ने ना सिर्फ संपर्क बनाए रखा, बल्कि उपहार भेजते हुए धीरे-धीरे अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। वक्त के साथ दोनों के बीच एक गहरा जुड़ाव बन गया।
उम्र और संस्कृति बनी रुकावट, बेटे ने किया समर्थन
शुरुआत में जिन को उम्र के फासले, सांस्कृतिक अंतर और अपने बीते अनुभवों के कारण इस रिश्ते पर संदेह था। लेकिन जब उनके बेटे ने डेफू को अपनाया और रिश्ते को समर्थन दिया, तो उन्होंने भी इस रिश्ते को एक मौका देने का फैसला किया। लंबी दोस्ती और समझदारी के बाद दोनों ने इस वर्ष विवाह कर लिया।
प्रेग्नेंसी की घोषणा से सोशल मीडिया पर हलचल
8 जून 2025 को सिस्टर जिन ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए बताया कि वह गर्भवती हैं। यह खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने उन्हें बधाई दी और उनके आत्मविश्वास की प्रशंसा की। एक यूज़र ने लिखा, “उम्र बस एक संख्या है, सिस्टर जिन ने साबित कर दिया कि आत्मबल और प्यार किसी सीमा को नहीं मानते।”
हालांकि, कुछ लोगों ने इसे लेकर सवाल भी उठाए। कुछ यूज़र्स ने इसे “स्क्रिप्टेड” करार दिया और पूछा कि क्या डेफू अपने देश रूस वापस जाएगा और क्या यह रिश्ता भविष्य में टिक पाएगा।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
जहां एक ओर लोग सिस्टर जिन की हिम्मत और सोच की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ यूज़र्स इसे पारंपरिक मूल्यों के खिलाफ मान रहे हैं। लेकिन एक बात साफ है — यह प्रेम कहानी हर दायरे को तोड़ते हुए दुनिया भर में लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है।