मोगा | जिले के थाना कोट ईसे खां के अंतर्गत गांव दौलेवाला से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम विवाह करने पर नाराज युवक ने अपनी बहन को गोलियों से भून डाला। यह मामला कथित ऑनर किलिंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी धर्मकोट रमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर थाना कोट ईसे खां के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की जांच के साथ शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया।
डीएसपी ने बताया कि मृतका सिमरन कौर ने करीब तीन साल पहले गांव के ही एक युवक से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह को लेकर परिजन खासे नाराज थे और इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी नाराजगी के चलते मंगलवार देर रात सिमरन के भाई ने उसे गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी युवक को हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, मोगा भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।