AAP विधायक के विवादित बयान से पंजाब की राजनीति में भूचाल

Karuna
3 Min Read
Summer Express - AAP विधायक के विवादित बयान से पंजाब की राजनीति में भूचाल

चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) की नकोदर से विधायक इंदरजीत कौर मान के एक भाषण ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। चंडीगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन के दौरान दिए गए उनके बयान पर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे सत्ता का अहंकार करार दिया है।

प्रदर्शन के दौरान विधायक इंदरजीत कौर मान ने दावा किया कि पिछली बार 92 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी इस बार 117 सीटें जीतकर इतिहास रच देगी। इसी दौरान उन्होंने विवादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि पार्टी विपक्ष की “गर्दन पर घुटना रखकर जीत” हासिल करेगी। उन्होंने यह बात तीन बार दोहराई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

इस बयान को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए AAP पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ एक विधायक की जुबान नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सोच को दर्शाता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह बयान अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की राजनीतिक मानसिकता का प्रतिबिंब है।

इंदरजीत कौर मान ने अपने भाषण में दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी पंजाब में दोबारा सत्ता में लौटेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को संघर्ष और मेहनत का रास्ता दिखाया है।

गौरतलब है कि यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के उस बयान के विरोध में किया गया था, जिसमें उन्होंने AAP मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के पिता को लेकर टिप्पणी की थी। इस मौके पर जालंधर वेस्ट से विधायक और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत भी मौजूद रहे।

कांग्रेस ने कहा कि पंजाब को डराया या दबाया नहीं जा सकता। पार्टी का दावा है कि जनता इस तरह की राजनीति का जवाब 2027 विधानसभा चुनाव में देगी। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पंजाब किसी की निजी जागीर नहीं है और यहां की जनता लोकतांत्रिक तरीके से अहंकार का जवाब देना जानती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *