जींद। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के लाइव शो के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब मंच पर मौजूद लोगों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम शहर के सफीदो रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया था, जहां शो के बीच माहौल अचानक तनावपूर्ण बन गया।
जानकारी के अनुसार, मासूम शर्मा की बहन कविता शर्मा की 25वीं सालगिरह थी। इसी खुशी में होटल में एक निजी कार्यक्रम रखा गया था। इस शो का आयोजन मासूम शर्मा के जीजा और यूट्यूबर धरमू द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में परिवार, रिश्तेदारों के अलावा गांव मुआना के कुछ करीबी लोग भी मौजूद थे।
आयोजक धरमू ने अपने गांव मुआना के पूर्व सरपंच राजेश शर्मा को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया था। इसी दौरान पूर्व सरपंच सहित कुछ अन्य लोग मंच पर चढ़ गए। शो के बीच जब भीड़ मंच पर बढ़ने लगी तो मासूम शर्मा ने मंच से लोगों को नीचे उतरने के लिए कहा।
बताया जा रहा है कि जब लोग नहीं उतरे तो मासूम शर्मा ने मंच से सख्त लहजे में कहा कि कार्यक्रम के दौरान कोई भी मंच पर खड़ा नहीं रहेगा, चाहे वह सरपंच हो, विधायक हो या मंत्री। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह किसी का दबाव या दखल कार्यक्रम के बीच में स्वीकार नहीं करेंगे और सभी को नीचे बैठकर शो देखने को कहा।
इसके बाद जब भीड़ मंच से नीचे नहीं उतरी तो बाउंसरों ने उन्हें हटाने की कोशिश की। इसी दौरान धक्का-मुक्की हो गई और मामला बढ़ गया। विवाद बढ़ने के कारण शो करीब एक घंटे के बाद ही प्रभावित हो गया और कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर चर्चा का माहौल बना हुआ है और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है।