Summer express,फरीदाबाद। आदर्श नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बालाजी कॉलेज रोड पर दो बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। इस घटना में एक युवक बाल-बाल बच गया, क्योंकि चली गोली उसके चेहरे को छूते हुए निकल गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार एक युवक और उसके साथ मौजूद युवती किसी बात को लेकर दूसरी बाइक से जा रहे युवक के साथ बहस करने लगे। बहस बढ़ने पर आरोप है कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली युवक के बेहद करीब से गुजर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गया।
घटना के बाद आरोपी युवक और युवती अपनी बाइक और पिस्तौल मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से स्प्लेंडर बाइक और हथियार को बरामद कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शी और घायल युवक के अनुसार, बाइक सवार युवक-युवती गलत तरीके से वाहन चला रहे थे, जिस पर उसे आपत्ति जताने पर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। युवक ने बताया कि उसने हिम्मत दिखाते हुए दूसरे फायर को रोकने की कोशिश भी की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना आदर्श नगर के प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।