Summer Express, बठिंडा। जून 2025 में हुए बहुचर्चित कमल भाभी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया, जिसके बाद उसे पंजाब लाया जा रहा है। पुलिस उसे दोपहर बाद बठिंडा अदालत में पेश करेगी।
सूत्रों के अनुसार, अमृतपाल मेहरों को हाल ही में मध्य पूर्व के एक देश से भारत वापस लाया गया था। जैसे ही वह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा, वहां पहले से मौजूद पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस आरोपी को कड़ी सुरक्षा में अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है।
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस इकाई और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन के तहत यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर कानून से बचने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी निगरानी और अंतरराष्ट्रीय समन्वय के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की गई, जिसके बाद उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
हत्या की वारदात
जानकारी के अनुसार, 11 जून 2025 को अमृतपाल मेहरों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर सक्रिय कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी का अपहरण किया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बठिंडा स्थित आदेश अस्पताल के पास एक खड़ी कार में छोड़ दिया था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
इस मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी घटना के बाद विदेश भाग गया था।
पंजाब पुलिस ने इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि राज्य में संगठित अपराध और गंभीर आपराधिक मामलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।