पंचकूला | हरियाणा में निकाय चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के चुनाव 10 मई को कराए जाएंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार, मेयर पद के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम खर्च सीमा 30 लाख रुपये तय की गई है, जबकि पार्षद पद के लिए यह सीमा 7.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगी। इसके बाद 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। उम्मीदवार 28 अप्रैल तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे, और इसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।
मतदान 10 मई को कराया जाएगा। यदि किसी स्थान पर पुनर्मतदान की आवश्यकता पड़ती है तो वह 12 मई को होगा। वहीं, मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 13 मई को घोषित किए जाएंगे।
राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने जानकारी दी कि इस बार नगर निगम चुनाव ईवीएम के माध्यम से कराए जाएंगे, जबकि वीवीपैट का उपयोग नहीं किया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।