बहादुरगढ़ | हरियाणा के पंचायत विकास मंत्री और हरियाणा ओलंपिक संघ के महासचिव कृष्णलाल पंवार का बहादुरगढ़ स्थित देसी ढाणी रेस्टोरेंट पर हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य में खेलों के विकास को लेकर अहम चर्चा हुई।
30 जून को होगी हरियाणा ओलंपिक संघ की AGM
पंचायत मंत्री पंवार ने जानकारी दी कि 30 जून को हरियाणा ओलंपिक संघ की वार्षिक आम सभा (AGM) का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्य के सभी खेल संघों की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।
गांवों में बनेंगे इंडोर जिम, खेल स्टेडियमों का होगा उन्नयन
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार गांव स्तर पर खेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक प्रदेश के 250 गांवों में इंडोर जिम स्थापित किए जा चुके हैं और आगे भी यह योजना तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी।
इसके साथ ही, ग्रामीण व्यायामशालाओं और खेल स्टेडियमों के उन्नयन को लेकर हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में विचार-विमर्श किया गया है।
दो हजार खेल नर्सरियों की स्थापना
पंवार ने कहा कि प्रदेश भर में करीब 2,000 खेल नर्सरियां खोली जा चुकी हैं, जहां युवा खिलाड़ियों को आधारभूत प्रशिक्षण और संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं। स्टेडियमों में आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके।
हरियाणा खिलाड़ियों को देती है सबसे ज्यादा इनामी राशि
पंचायत मंत्री ने दावा किया कि देशभर में हरियाणा ऐसा राज्य है जो खिलाड़ियों को सबसे अधिक पुरस्कार राशि प्रदान करता है। राज्य सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजयी खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित करती है।