नई दिल्ली | गुरुवार, 26 जून को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में हल्की तेजी दर्ज की गई है, जबकि चांदी में 0.47% की बढ़त देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना लगभग ₹97,368 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है, वहीं चांदी की कीमत ₹1,06,481 प्रति किलोग्राम पहुंच गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमतों में तेजी
वैश्विक स्तर पर भी कीमती धातुओं के दामों में उछाल देखने को मिला है। कॉमेक्स (Comex) पर सोने का वायदा भाव $3,347.50 प्रति औंस पर खुला, जो खबर लिखे जाने तक $3,355.90 पर पहुंच गया। इससे पहले सोने ने इस साल $3,509.90 प्रति औंस का ऑल टाइम हाई छू लिया था। चांदी के दाम भी चढ़े हैं। Comex पर चांदी का वायदा भाव $36.22 पर खुला और बाद में $36.32 प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।
दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट
हालांकि बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने के दामों में गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, कमजोर वैश्विक संकेतों और स्टॉकिस्ट्स की बिकवाली के चलते सोना ₹300 गिरकर ₹98,600 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 99.5% शुद्धता वाला सोना भी ₹250 की गिरावट के साथ ₹98,050 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
जानकारों की राय
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, ईरान-इज़राइल युद्धविराम के बाद भू-राजनीतिक तनावों में कमी आई है, जिससे निवेशकों की ‘सुरक्षित संपत्ति’ की ओर रुचि घटी और सोने पर दबाव बना। अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के CEO चिंतन मेहता ने कहा कि आने वाले समय में व्यापारिक तनाव और वैश्विक अनिश्चितताएं कीमतों को प्रभावित करती रहेंगी।