summer express, फिरोजपुर । केंद्रीय जेल फिरोजपुर में जेल प्रशासन की ओर से चलाए गए विभिन्न तलाशी अभियानों के दौरान 9 मोबाइल फोन, 7 नशीले कैप्सूल और एक डाटा केबल बरामद की गई है। जेल में प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद पुलिस ने 10 हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सिटी फिरोजपुर के सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि केंद्रीय जेल प्रशासन की ओर से भेजी गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने पंजाब प्रिजन करेक्शनल सर्विस एक्ट 2026 के तहत कार्रवाई की है। जेल अधिकारियों ने तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों से प्रतिबंधित सामान बरामद होने की जानकारी पुलिस को दी थी।
जेल सुपरिंटेंडेंट की ओर से पुलिस को भेजे पत्र के मुताबिक, हवालाती संदीप सिंह, आकाश उर्फ छोटू, गुरदीप सिंह, करण कुमार, सुमित, अरुण उर्फ सरबजीत सिंह, दीपक उर्फ दीपा, भवनेश पुत्र हरमेश निवासी जम्मू, दीपक निवासी गुरदासपुर और राजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
तलाशी के दौरान कुल 9 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें 6 टच स्क्रीन और 3 कीपैड मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा 7 लाल रंग के नशीले कैप्सूल और एक सफेद रंग की डाटा केबल भी मिली है।
पुलिस के अनुसार, जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर सभी नामजद हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामदगी से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। जेल में प्रतिबंधित सामान पहुंचने के स्रोत का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।