summer express, जींद। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने पाखंडवाद और धार्मिक आडंबर के खिलाफ अपनी मुखरता जारी रखते हुए अपना नया गीत ‘फिल्मी बाबा’ रिलीज किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस गीत का आधिकारिक ट्रैक साझा किया। करीब 3 मिनट 41 सेकंड के इस गीत में कथित पाखंडी बाबाओं, डेरों और धार्मिक आडंबरों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
मासूम शर्मा रात पड़ाना स्थित श्याम मंदिर में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पाखंडवाद के मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी संस्थाओं और पाखंड करने वाले लोगों के खिलाफ आवाज उठाने का साहस किया है। उनका कहना था कि समाज में गलत हो रही बातों के खिलाफ लोगों को भी आवाज उठानी चाहिए।
गायक ने यह भी कहा कि अपनी बात रखने के कारण उन्हें धमकियां मिलने का डर रहता है, लेकिन वह इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी तरह के दबाव या धमकी से डरने के बजाय अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम में कलाकार हैरी लाठर और सुरेंद्र रोमियो भी मौजूद रहे। हैरी लाठर ने धार्मिक आडंबर का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग धर्म की आड़ में गलत गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि माता-पिता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
इस दौरान मासूम शर्मा ने अपने गीतों के जरिए भी पाखंड और धार्मिक दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने बालाजी भक्ति से जुड़े गीतों के साथ पाखंड पर कटाक्ष करने वाला ‘तत्वदर्शी’ गीत भी प्रस्तुत किया। गीत के माध्यम से धार्मिक दावों और उनसे जुड़े विवादों पर सवाल खड़े किए गए।
मासूम शर्मा ने कहा कि मंच से कही गई कोई आपत्तिजनक बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती है, जबकि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली और अच्छी सीख देने वाली बातों को उतना प्रचार नहीं मिलता। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सही और गलत के बीच अंतर समझें तथा गलत बातों का विरोध करने का साहस रखें।
बता दें कि एक कथावाचक के समर्थकों के साथ मासूम शर्मा का विवाद भी चल रहा है। इससे पहले मासूम शर्मा और हैरी लाठर ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर धमकियां मिलने का दावा किया था। अब ‘फिल्मी बाबा’ गीत के जरिए मासूम शर्मा ने एक बार फिर पाखंडवाद के मुद्दे को अपने अंदाज में उठाया है।