धर्मशाला, राहुल -शाहपुर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश भाजपा एसटी मोर्चा के महामंत्री कमल शर्मा ने विधायक केवल सिंह पठानिया पर वादाखिलाफी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक ने अपने कार्यकाल के दौरान जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद अधिकांश वादे पूरे नहीं हो सके।
कमल शर्मा के अनुसार, शाहपुर में सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह पुस्तकालय कहां और किस स्थिति में है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में उद्योग स्थापित कर युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल दिखाई नहीं देती।उन्होंने विधायक की कथनी और करनी पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावों के दौरान किए गए वादे आज भी अधूरे हैं। धारकंडी डिग्री कॉलेज का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने इसकी मंजूरी दी थी, लेकिन अब तक भवन निर्माण को लेकर कोई स्पष्ट प्रगति सामने नहीं आई है। उन्होंने विधायक से पूछा कि कॉलेज का निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा।
पर्यटन विकास को लेकर भी उन्होंने विधायक को घेरा। उनका कहना था कि धारकंडी को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बातें की गई थीं, लेकिन अब तक कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ।अंत में कमल शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता को केवल आश्वासन दे रही है। उन्होंने विधायक से मांग की कि वे जनता के सामने अपने वादों का पूरा हिसाब पेश करें।