Summer express, लुधियाना | कनाडा के ओंटारियो प्रांत में लुधियाना की 26 वर्षीय युवती अनमोलदीप कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका लुधियाना के अकालगढ़ सुधार बाजार स्थित नई बस्ती की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, वह जॉर्जियन कॉलेज, बैरी और अपने घर के बीच स्थित एक पार्क में टहलने गई थी, जहां वह एक बेंच पर बैठी हुई थी। काफी देर तक एक ही स्थिति में बैठे रहने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसे हिलते-डुलते नहीं देखा और संदेह होने पर जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत कनाडा पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्क क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और वहां मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल मौत के कारणों को स्पष्ट नहीं बताया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, अनमोलदीप वर्ष 2021 में पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी और वहां चाइल्ड केयर वर्कर के रूप में काम कर रही थी। वह वर्क परमिट पर रह रही थी और हाल ही में उसने अपनी मां को कनाडा बुलाने के लिए विजिटर वीजा के लिए आवेदन भी किया था। परिवार का कहना है कि अनमोलदीप ने कभी किसी प्रकार की शारीरिक या मानसिक परेशानी का जिक्र नहीं किया था, जिससे यह घटना और भी रहस्यमय हो गई है।
मृतका के पिता, सेवानिवृत्त सूबेदार परमिंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा दिलप्रीत सिंह, जो अमेरिका में रहता है, कनाडा पहुंचकर अंतिम औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। परिवार मूल रूप से गांव मानूके का रहने वाला है और शव को भारत लाने की प्रक्रिया एक सामाजिक संस्था की मदद से की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद लुधियाना स्थित परिवार में शोक का माहौल है और परिजन मौत की असल वजह सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।