Summer express, सुभाष चंद , बिलासपुर | जिला कांगड़ा के बैजनाथ में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बिलासपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बिलासपुर की 40 सदस्यीय टीम ने भाग लिया और कुल 35 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने 15 स्वर्ण, 14 रजत तथा 6 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
राज्य स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी अब 3 से 7 जून तक उत्तराखंड में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि से खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
इस संबंध में हिमाचल प्रदेश कराटे एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को अपने खर्च पर जाना पड़ता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि कराटे खिलाड़ियों को भी अन्य खेलों की तरह आर्थिक सहायता और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि खिलाड़ी बिना किसी आर्थिक चिंता के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
एसोसिएशन के अनुसार बिलासपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि जिले में कराटे खेल तेजी से आगे बढ़ रहा है। यदि खिलाड़ियों को पर्याप्त सुविधाएं और सहयोग मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।