summer express , हिसार। हिसार पुलिस ने बुधवार सुबह केंद्रीय कारागार-1 और केंद्रीय कारागार-2 की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जेल परिसर के संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहनता से जांच की।
डीएसपी कमलजीत सिंह के नेतृत्व में CIA-1 हिसार की टीम ने केंद्रीय कारागार-2 का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल प्रशासन की ओर से डिप्टी सुपरिंटेंडेंट शिवकुमार मौजूद रहे। पुलिस टीम ने जेल परिसर में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया।
वहीं, केंद्रीय कारागार-1 में एसआई जगदीश, CIA मिलगेट इंचार्ज, पीएसआई प्रदीप कुमार, CIA बरवाला इंचार्ज और सुरक्षा शाखा इंचार्ज सुरेंद्र सिंह की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान जेल प्रशासन की ओर से डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कुलदीप और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कुलदीप सिंह मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि औचक निरीक्षण का उद्देश्य जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा संभावित सुरक्षा चुनौतियों की समय रहते पहचान करना है। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
एसपी ने कहा कि जेल जैसे संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी समय-समय पर किए जाते रहेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था लगातार सक्रिय और मजबूत बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।