Summer express, गुरुग्राम I सेक्टर-29 स्थित लंबे समय से बंद पड़े किंगडम ऑफ ड्रीम्स (केओडी) परिसर में देर रात आग लगने से अंदर रखा सामान और कबाड़ जल गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने पांच दमकल टीमों को मौके पर भेजा। दमकलकर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, देर रात परिसर से आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सेक्टर-29 दमकल केंद्र से टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग फैलने की आशंका को देखते हुए पांच दमकल टीमों को काम पर लगाया गया। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक परिसर के अंदर रखा सामान और कबाड़ जल चुका था।
लंबे समय से बंद पड़े किंगडम ऑफ ड्रीम्स में बार-बार आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय बन रही हैं। ताजा घटना के बाद परिसर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।