मंडी/धर्मवीर -:बल्ह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बल्ह दौरे को लेकर निशाना साधा है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक ने मुख्यमंत्री के 32 दांत वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विकास तंज कसने से नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने से होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर बल्ह दौरे के दौरान राजनीतिक बयानबाजी करने और पूर्व सरकार के समय शुरू हुई योजनाओं का उद्घाटन करने का आरोप लगाया।इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार 32 दांतों का जिक्र करते हैं, इसलिए लगता है कि उनके मुंह में वास्तव में 32 दांत हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि मुख्यमंत्री के मुंह में 30 दांत होते तो वे 30 दांतों की ही बात करते। गांधी ने मुख्यमंत्री पर सदन के भीतर और सार्वजनिक मंचों पर गलत बयान देने का आरोप भी लगाया।
भाजपा विधायक ने कहा कि हाल ही में बल्ह दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता प्रकाश चौधरी को आगामी चुनाव में प्रत्याशी बताते हुए उन्हें समर्थन देने की अपील की। गांधी ने कहा कि प्रकाश चौधरी की ओर से पूर्व में लिखी गई कुछ चिट्ठियों को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं हुई हैं और जनता उनके बारे में परिचित है। हालांकि, इन आरोपों के संबंध में उन्होंने कोई नया दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।गांधी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मंडी जिले की सभी दस सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि मंडी जिले के भाजपा विधायकों के नेता पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हैं।इंद्र सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री के बल्ह दौरे के दौरान हुए उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन विकास योजनाओं का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया, उनमें से कई योजनाओं की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में हुई थी।विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने सत्ता में आने के बाद कुछ संस्थानों को बंद किया और अब उन्हीं संस्थानों को दोबारा खोलने की घोषणाएं की जा रही हैं। गांधी ने कहा कि यदि सरकार को इन संस्थानों को फिर से शुरू करना ही था तो उन्हें पहले बंद क्यों किया गया।
उन्होंने कार्यक्रमों में लगी शिलापट्टिकाओं को लेकर भी सवाल उठाया। गांधी के अनुसार, कुछ विधायकों के नाम पट्टिकाओं पर दर्ज किए गए, लेकिन बल्ह विधायक के तौर पर उनका नाम शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार किया।