Summer express/राहुल चावला, कांगड़ा-:कांगड़ा जिले में मौसम ने अचानक करवट बदली है। धौलाधार की ऊंची पर्वत चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जबकि मैदानी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर देखने को मिला। बर्फबारी के बाद धौलाधार की चोटियां सफेद चादर से ढक गईं, जिससे पूरा पहाड़ी क्षेत्र बेहद खूबसूरत नजर आया।
बारिश के बीच कुछ समय के लिए जब आसमान साफ हुआ और धूप खिली, तो बर्फ से ढकी पर्वत चोटियां धूप की रोशनी में चमक उठीं। दूर से धौलाधार का नजारा चांदी की तरह दमकता दिखाई दिया। मौसम के इस बदले रंग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में मौसम का यह बदलाव सर्दियों के आगमन का संकेत माना जा रहा है।धौलाधार की बर्फ से ढकी चोटियों का मनमोहक दृश्य सोशल मीडिया पर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बारिश और बर्फबारी के बाद क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और निखर गई है। आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर और बढ़ने की संभावना के बीच स्थानीय लोग भी ठंड को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं।