{स्वास्थ्य गारंटी योजना पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने उठाए सवाल, फोर्टिस और मैक्स में कार्ड से कैशलेस इलाज न मिलने का दावा
सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य गारंटी योजना को लेकर सवाल उठाए हैं। सोमवार को वे लुधियाना से कुछ मरीजों को साथ लेकर मोहाली के फोर्टिस और मैक्स अस्पताल पहुंचे। बिट्टू का दावा है कि मरीजों के पास पंजाब सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्ड होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने कैशलेस इलाज देने से इनकार कर दिया। बिट्टू ने कहा कि सरकार की ओर से विज्ञापनों में परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने का दावा किया जा रहा है, लेकिन अस्पतालों में मरीजों को इलाज के लिए पहले पैसा जमा कराने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि योजना के तहत मरीजों को बड़े अस्पतालों में कैशलेस इलाज नहीं मिल रहा है तो सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि योजना का वास्तविक लाभ कितने लोगों को मिल रहा है। बिट्टू ने सरकार से योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों, इलाज के पैकेज और अब तक हुए कैशलेस इलाज का पूरा आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिर्फ स्वास्थ्य कार्ड जारी करने और उनके वितरण की तस्वीरें सामने लाने से स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर नहीं होती। सरकार को यह भी बताना चाहिए कि कार्डधारकों को जमीन पर कितनी सुविधा मिल रही है।