summer express ,लुधियाना । शहर में नशे के खिलाफ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियानों के बीच थाना डिवीजन नंबर-3 क्षेत्र के गऊशाला रोड स्थित चोपड़ा स्कूटर वाली गली से एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक खाली प्लॉट में कुछ युवक कथित तौर पर खुलेआम नशा करते और इंजेक्शन लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके के लोगों में चिंता और पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी है।
वायरल वीडियो में झाड़ियों और गंदगी से घिरे खाली प्लॉट में एक युवक अपनी बाजू में नशे का इंजेक्शन लगाता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो आसपास की किसी इमारत से एक स्थानीय व्यक्ति ने बनाया। इसके बाद वहां पहुंचे दूसरे युवक को भी कथित तौर पर इंजेक्शन के जरिए नशा करते देखा गया। वीडियो में युवकों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह खाली प्लॉट लंबे समय से नशे का सेवन करने वालों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े का स्थान बना हुआ है। लोगों का दावा है कि सुबह से देर रात तक यहां युवक आते-जाते रहते हैं। करीब दो साल पहले भी इसी प्लॉट में नशे की ओवरडोज के कारण एक युवक की मौत होने की बात स्थानीय लोगों ने कही है। उनका आरोप है कि घटना के बाद कुछ समय तक पुलिस की गतिविधियां बढ़ीं, लेकिन बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो गई।
इलाके के दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि नशेड़ियों के जमावड़े के कारण महिलाओं और बच्चों का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नशे की जरूरत पूरी करने के लिए कुछ युवक आसपास चोरी और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस संबंध में पुलिस को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। इलाका निवासियों ने खाली प्लॉट में तत्काल पुलिस कार्रवाई और जांच की मांग करते हुए कहा है कि नशे का सेवन करने वालों के साथ-साथ नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वालों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाए।